नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पी वी सिंधू का मानना है कि रिकवरी खिलाड़ी के प्रदर्शन का अहम हिस्सा है और नींद, हृदयगति परिवर्तनशीलता (एचआरवी) और मानसिक प्रदर्शन से खिलाड़ियों को अपने शरीर को बेहतर समझने में मदद मिलती है ।
हाइलो ओपन जीतकर विश्व रैंकिंग में शीर्ष छह में पहुंची सिंधू भारतीय क्रिकेट कप्तान शुभमन गिल द्वारा ‘टेम्पल’ उपकरण के प्रयोग पर बोल रही थी । वह भी कुछ समय से इसका इस्तेमाल कर रही हैं ।
यह पूछने पर कि वह गिल को अपने प्रदर्शन में सुधार के लिये इस उपकरण से डेटा ट्रैक करने को लेकर क्या सलाह देना चाहेंगी , सिंधू ने कहा ,‘‘मुझे यकीन है कि उसे अपनी कुछ चीजों पर ध्यान देना होता होगा क्योंकि उनके खेल में रिकवरी एक बहुत अहम पहलू है जिसका हर किसी को ध्यान रखना चाहिए।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ जब आप डेटा देखते हैं, तो आपको पता चलता है कि आपके शरीर की स्थिति क्या है, रिकवरी कैसी हो रही है, या नींद कैसी है। यह हर व्यक्ति पर निर्भर करता है। मुझे लगता है कि एक एथलीट के लिए रिकवरी सबसे महत्वपूर्ण चीज है।’’
भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली से बातचीत के बारे में सिंधू ने कहा कि जब वह खराब दौर से गुजर रही थी तो कोहली की सलाह ने उनकी काफी मदद की ।
उन्होंने कहा ,‘‘ मैने विराट से बात की और वह शानदार इंसान है । उनकी बातों से मुझे काफी प्रेरणा मिली । जब मैं खराब दौर से गुजर रही थी तो उसने बताया कि कैसे मनोबल बनाये रखना है । मुझे क्या करना चाहिये और इससे मुझे काफी मदद मिली ।’’
उन्होंने पूर्व ओलंपिक चैम्पियन नीरज चोपड़ा से बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि दूसरे खेलों के खिलाड़ियों से बातचीत से काफी सीखने को मिलता है, मसलन वे सफलता और असफलता से कैसे निपटते हैं ।
भाषा
मोना सुधीर
सुधीर