लखनऊ, चार नवंबर (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विधान परिषद चुनाव में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा की हार पर तंज कसते हुए बुधवार को दावा किया कि वाराणसी ने पार्टी को “डबल जीरो” दिया है।
उन्होंने शहर में पार्टी की दोहरी जीत का श्रेय उसकी विरासत, पारंपरिक व्यवसायों और स्थानीय कारोबारों की कथित उपेक्षा को लेकर जनता में व्याप्त आक्रोश को दिया।
यादव ने मंगलवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वाराणसी संसदीय क्षेत्र के अपने दौरे के दौरान मिले समर्थन के लिए लोगों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा,''प्रिय काशीवासियों, सर्वप्रथम बाबा विश्वनाथ के चरणों में नमन करते हुए मैं कहना चाहूंगा कि कल काशी में आप सबने जो स्नेह दिया, उसके लिए मैं अत्यंत आभारी हूं। काशी के आशुतोष बाबा विश्वनाथ जी ने हमारे श्री आशुतोष सिन्हा जी व श्री लाल बिहारी यादव जी को ऐतिहासिक वोटों से जिताकर हमें दोहरा आशीर्वाद दिया है। काशी ने डबल इंजन को डबल जीरो कर दिया है।''
यादव ने कहा कि मणिकर्णिका के पौराणिक घाट को तोड़े जाने, राजमाता पुण्यश्लोका देवी अहिल्याबाई की प्रतिमा के तिरस्कार, शंकराचार्य जी पर हुए प्रहार, पाल समाज पर लाठियां चलाने, दाल मंडी पर हुए अत्याचार ने भाजपा को ध्वस्त कर दिया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा,''बनारस के बुनकरों का हाल पूछने कोई नहीं आया। बनारस की हस्तकला चौपट कर दी। बनारस के नाव चलानेवाले तक दुखी हैं। उनकी रोज़ी-रोटी भाजपाइयों को रास नहीं आई। भाजपा की कमीशनख़ोरी ने छोटे-काम व्यवसाय को मार दिया है।-भाजपा ने बनारस को बाहर के ठेकेदारों को गिरवी रख दिया है।''
हाल ही में संपन्न विधान परिषद चुनाव में वाराणसी की शिक्षक और स्नातक, दोनों सीटों पर सपा ने जीत दर्ज की है। स्नातक सीट पर सपा के आशुतोष सिन्हा ने भाजपा के केदारनाथ सिंह को हराया था, जबकि शिक्षक सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव ने भाजपा के प्रमोद कुमार मिश्रा को पराजित किया था।
भाषा जफर जोहेब
जोहेब