Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

रेजरपे को 5,000-6,000 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए सेबी की मंजूरी मिली

नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) वित्तीय प्रौद्योगिकी कंपनी रेजरपे को 5,000-6,000 करोड़ रुपये के प्रस्तावित आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए बाजार नियामक सेबी से मंजूरी मिल गई है। मामले से परिचित सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि कंपनी सार्वजनिक निर्गम के जरिये करीब पांच अरब डॉलर का मूल्यांकन हासिल करने का लक्ष्य रख रही है।

रेजरपे ने भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के समक्ष जून में गोपनीय माध्यम से आईपीओ के मसौदा दस्तावेज जमा कराए थे।

गोपनीय तरीके से दस्तावेज जमा कराने की प्रक्रिया के तहत कंपनियां संवेदनशील कारोबारी जानकारी को तत्काल सार्वजनिक किए बिना समीक्षा के लिए सेबी के पास निर्गम दस्तावेजों का मसौदा जमा कर सकती हैं।

हर्षिल माथुर और शशांक कुमार ने 2014 में रेजरपे की स्थापना की थी। यह कंपनी एकीकृत मंच के जरिये भुगतान स्वीकार करने, बैंकिंग, भुगतान वितरण, वेतन प्रबंधन, ऋण और अन्य वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराती है।

रेजरपे को 2020 में ‘यूनिकॉर्न’ का दर्जा मिला था।

‘यूनिकॉर्न’ एक ऐसी निजी स्वामित्व वाली स्टार्टअप कंपनी को कहा जाता है जिसका कुल मूल्यांकन एक अरब अमेरिकी डॉलर (लगभग 8,000 करोड़ रुपये या उससे अधिक) हो जाता है और उसके शेयर सार्वजनिक रूप से शेयर बाजार में सूचीबद्ध नहीं होते हैं।

भाषा निहारिका

निहारिका