गुवाहाटी, चार नवंबर (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को सरकारी एजेंसियों और राज्य तथा पश्चिम बंगाल के स्थानीय समुदायों के बीच आपसी तालमेल की सराहना करते हुए कहा कि इसकी बदौलत पड़ोसी राज्य से भटककर आई एक ‘रॉयल बंगाल टाइगर’ को सुरक्षित रूप से पकड़ा जा सका।
उन्होंने कहा कि बाघिन ‘बीटी1’ सुरक्षित है और यह सबसे महत्वपूर्ण बात है।
शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल की बाघिन ‘बीटी 1’ को सुरक्षित रूप से पकड़ना इस बात का एक सराहनीय उदाहरण है कि अंतर-राज्य समन्वय से क्या हासिल किया जा सकता है।’’
उन्होंने असम और पश्चिम बंगाल की वन टीमों, जिला प्रशासन, पुलिस और स्थानीय समुदायों की सराहना करते हुए कहा कि उनके बीच समन्वय की वजह से बाघिन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकी।
शर्मा ने कहा, ‘‘ ‘बीटी 1’ सुरक्षित है, और यही सबसे महत्वपूर्ण बात है।’’
असम के वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री जयंत मल्ला बरुआ ने मंगलवार को कहा कि दो अक्टूबर को बक्सा के जंगल में छोड़े जाने के बाद ‘बीटी 1’ ने 100 किलोमीटर से अधिक का सफर तय किया और आखिरकार असम के बोडोलैंड क्षेत्र स्थित रायमोना राष्ट्रीय प्राणि उद्यान पहुंच गई।
भाषा
नेत्रपाल मनीषा
मनीषा