Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

जायडस लाइफसाइंसेज का शुद्ध लाभ दूसरी तिमाही में 26.6 प्रतिशत घटकर 925.5 करोड़ रुपये पर

नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) जायडस लाइफसाइंसेज का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में 26.6 प्रतिशत घटकर 925.5 करोड़ रुपये रह गया। कंपनी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पिछले वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 1,260.9 करोड़ रुपये था।

कंपनी ने शेयर बाजारों को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी परिचालन आय बढ़कर 7,909.6 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 6,123.2 करोड़ रुपये थी।

जायडस का कुल खर्च चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में बढ़कर 6,806.6 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 4,509 करोड़ रुपये था।

कंपनी ने जारी बयान में कहा कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी कुल बिक्री में दवा कारोबार का योगदान 83 प्रतिशत रहा।

जायडस लाइफसाइंसेज के प्रबंध निदेशक शर्विल पटेल ने कहा, ‘‘दूसरी तिमाही का हमारा प्रदर्शन मजबूत और व्यापक गति को दर्शाता है। इसमें भारत, अंतरराष्ट्रीय बाजारों और वेलनेस क्षेत्र में हमारे ब्रांडेड कारोबार की प्रमुख भूमिका रही। खास बात यह है कि अमेरिका में कुल बिक्री में ब्रांडेड उत्पादों की हिस्सेदारी बढ़कर 16 प्रतिशत हो गई है। यह अधिक विशिष्ट और विशेष दवाओं पर केंद्रित पोर्टफोलियो की ओर हमारे निरंतर बदलाव को दर्शाता है।’’

कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में उसका शुद्ध लाभ 30.86 प्रतिशत घटकर 1,885.9 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 2,727.7 करोड़ रुपये था।

भाषा यासिर अजय

अजय