सूरत, चार नवंबर (भाषा) गुजरात के सूरत शहर में घर के कामकाज और मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर हुए विवाद के बाद 22 वर्षीय एक युवती ने कथित तौर पर प्रेशर कुकर के ढक्कन और रसोई के चाकू से हमला कर अपने पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
सूरत शहर के एल डिवीजन के सहायक पुलिस आयुक्त पार्थ चोवतिया ने बताया कि यह घटना 31 अक्टूबर की रात अमरोली पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में आने वाले कोसाड आवास एच-5 आवासीय परिसर में हुई।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी काजल का घर के कामकाज को लेकर अपने पिता रमेश सिंह राजपूत के साथ कथित तौर पर विवाद हुआ था। लेकिन स्थिति तब और बिगड़ गई, जब पिता ने उसके मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर भी आपत्ति जताई। इसके बाद काजल ने प्रेशर कुकर का ढक्कन अपने पिता के सिर पर दे मारा।
चोवतिया ने बताया कि बेटी ने रसोई के चाकू से अपने पिता के पेट पर भी वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अधिकारी ने बताया कि रमेश सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि काजल को एक नवंबर को गिरफ्तार किया गया था और बाद में उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मृतक दिहाड़ी मजदूर था और अपनी पत्नी मंजूबेन तथा काजल के साथ कोसाड आवास में रहता था।
भाषा तान्या नरेश
नरेश