Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

सिद्धरमैया स्टिंग मामला: कुमारस्वामी के कार्यालय से जुड़े मीडिया सलाहकार सीसीबी के समक्ष पेश हुए

बेंगलुरु, चार नवंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री एच डी कुमारस्वामी के कार्यालय से कथित तौर पर जुड़े एक मीडिया सलाहकार कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया को निशाना बनाकर बनाए गए कथित स्टिंग वीडियो के प्रसार के मामले में पूछताछ के लिए बेंगलुरु अपराध शाखा (सीसीबी) की साइबर अपराध पुलिस के समक्ष पेश हुए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मीडिया सलाहकार प्रज्वल प्रसाद, जांच अधिकारियों द्वारा जारी नोटिस के जवाब में मंगलवार को सीसीबी मुख्यालय पहुंचे।

प्राप्त सूचना के अनुसार वह फरार थे और बाद में उन्हें अंतरिम अग्रिम जमानत मिल गई थी।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार पुलिस प्रसाद की भूमिका और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

बेंगलुरु पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने रविवार को कहा कि सिद्धरमैया को निशाना बनाकर किए गए स्टिंग ऑपरेशन के वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने के लिए जिस मोबाइल फोन का कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया उसे नयी दिल्ली में खरीदा गया था और राष्ट्रीय राजधानी में कुमारस्वामी के आधिकारिक आवास पर प्रज्वल प्रसाद को सौंपा गया था।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रितेश पांडे के बयान के अनुसार, यह फोन प्रसाद के निर्देश पर उन्हें सौंपा गया था।

सिंह के मुताबिक, पांडे और विनोद शर्मा नामक व्यक्ति ने दिल्ली के करोल बाग इलाके की एक दुकान से मोबाइल फोन खरीदा था और बाद में उसे कुमारस्वामी के आधिकारिक आवास पर प्रसाद को सौंप दिया था।

दिल्ली निवासी पांडे को कथित स्टिंग ऑपरेशन के वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने के मामले में 24 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में वह गिरफ्तार होने वाला पहला व्यक्ति था। सीसीबी पुलिस ने उसे दिल्ली में पकड़ा था और पूछताछ के लिए बेंगलुरु लायी थी।

सिद्धरमैया के खिलाफ गंभीर आरोपों वाले दो वीडियो कथित तौर पर सितंबर में यूट्यूब पर अपलोड किए गए थे।

इसके बाद कांग्रेस नेता ने अदालत का रुख किया और मीडिया को इन वीडियो के बारे में खबरें प्रकाशित करने से रोकने का आदेश हासिल किया। उन्होंने जांच का अनुरोध करते हुए पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी।

भाषा सुरभि अमित

अमित