गोरखपुर (उप्र), चार नवंबर (भाषा) विपक्षी दलों पर देश में अस्थिरता पैदा करने, अराजकता फैलाने और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुये भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बुधवार को कहा कि भारत कभी बांग्लादेश, नेपाल या श्रीलंका नहीं बन सकता, क्योंकि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की जड़ें बहुत गहरी हैं।
गोरखपुर में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा के दौरान आयोजित रैली को संबोधित करते हुए चौधरी ने कहा कि विपक्ष चुनाव हारने के बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाकर संवैधानिक संस्थाओं की छवि खराब करने की कोशिश करता है।
दिल्ली में हाल में हुए विरोध प्रदर्शनों का उल्लेख करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि लोकतंत्र में प्रदर्शन करना राजनीतिक दलों का अधिकार है, लेकिन कुछ नेताओं ने इस दौरान भड़काऊ बयान दिए और यहां तक कहा कि वे 'सत्ता परिवर्तन' करने आए हैं।
उन्होंने कहा, ''भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था की जड़ें बहुत गहरी हैं। भारत कभी बांग्लादेश, नेपाल या श्रीलंका नहीं बन सकता। भारत लोकतंत्र के सहारे चलता है।''
चौधरी ने कहा कि भाजपा ने पदयात्रा के माध्यम से देश को अस्थिर करने की कथित राष्ट्रविरोधी साजिशों को उजागर करने का अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 1.4 अरब लोगों के आशीर्वाद से लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बने हैं।
केंद्रीय मंत्री रह चुके प्रदेश भाजपा प्रमुख ने दावा किया कि मतपत्र से हुए विधान परिषद के 28 सीटों में से कांग्रेस केवल एक सीट जीत सकी।
उन्होंने विपक्ष को हार के कारणों पर आत्ममंथन करने की सलाह दी।
भाषा जफर मनीषा रंजन
रंजन