अमरावती, चार नवंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू से फोन पर बात कर एक सप्ताह के भीतर राज्य में आए दो चक्रवातों के बाद पैदा हुए हालात की जानकारी ली।
राज्य सरकार की ओर से जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री ने नायडू से चक्रवात ‘अर्नब’ और ‘मुरासु’ के कारण हुए नुकसान और उनके प्रभाव के बारे में पूछा।
विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज सुबह मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू को फोन कर एक सप्ताह के भीतर राज्य में लगातार आए दो चक्रवातों से प्रभावित इलाकों के हालात की जानकारी ली।’’
नायडू ने चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों में हुई तबाही का ब्योरा देते हुए उन्हें बताया कि भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
विज्ञप्ति के अनुसार, उन्होंने बताया कि चक्रवातों से सड़कों, बिजली व्यवस्था और अन्य बुनियादी ढांचों को भी व्यापक नुकसान पहुंचा है। उन्होंने प्रधानमंत्री से राज्य को पर्याप्त केंद्रीय सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
राज्य सरकार पहले ही केंद्र से 4,500 करोड़ रुपये से अधिक की तत्काल सहायता की मांग कर चुकी है।
भाषा खारी मनीषा
मनीषा