Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर ट्रक खाई में गिरकर जला, चालक की मौत; दूसरे व्यक्ति की तलाश जारी

जालौन (उप्र), चार नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के ईंटों से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद दोनों सड़कों के बीच बनी खाई में जा गिरा।

पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि हादसे के बाद ट्रक में आग लग गई, जिससे चालक की जलकर मौत हो गई। वहीं, ट्रक में सवार एक अन्य व्यक्ति के भी मलबे में फंसे होने की आशंका है। उसकी तलाश में बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबह करीब पांच बजे एक्सप्रेसवे पर औरैया से इटावा की ओर जाने वाले मार्ग पर किलोमीटर संख्या 209 के पास हुआ। ईंटों से लदा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया और पुल के बीच बनी खाई में जा गिरा। इसके बाद ट्रक में आग लग गई।

सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी, एक्सप्रेसवे की बचाव टीम और स्थानीय दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान चालक की जलकर मौत हो गई।

पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने के कारण ट्रक अनियंत्रित हुआ होगा।

पुलिस क्षेत्राधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक में ईंटें लदी हुई थीं। मृतक चालक की पहचान एटा जिले के निधौली कलां थाना क्षेत्र के नगला मेवा गांव निवासी राजकुमार (पुत्र हुंडीलाल) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, ट्रक में सचिन नाम का एक अन्य व्यक्ति भी सवार था, जो फिरोजाबाद जिले के एका थाना क्षेत्र के नगला अकोला गांव का निवासी है। उसके मलबे में दबे होने की आशंका है।

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर मलबा हटाने का काम जारी है और बचाव दल दूसरे व्यक्ति की तलाश कर उसे बाहर निकालने का प्रयास कर रहा है।

भाषा सं जफर मनीषा

मनीषा