Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

तेलंगाना में जमीन विवाद को लेकर ससुराल वालों ने महिला का सिर काटकर हत्या की

हैदराबाद, चार नवंबर (भाषा) तेलंगाना के महबूबनगर जिले में जमीन विवाद को लेकर 28 वर्षीय एक महिला की उसके ससुर और पति के भाइयों ने कथित तौर पर सिर काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी दो नवंबर को कोइलकोंडा मंडल के चिंथल थांडा में महिला के गले में कपड़ा बांधकर उसे घसीटते हुए अपने घर में ले गए और कथित तौर पर चाकू से हमला कर उसका सिर काट दिया।

विवाद महिला के पति की डेढ़ एकड़ जमीन को लेकर था। बताया जाता है कि यह जमीन महिला के नाम पर हस्तांतरित कर दी गई थी, जिसका उसके ससुर और परिवार के अन्य सदस्यों ने विरोध किया था।

पुलिस के मुताबिक, महिला की शादी 12 साल पहले एक रिश्तेदार से हुई थी और उसके दो बच्चे हैं।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पति की मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर दंपति के बीच अक्सर विवाद होता था। पिछले एक साल से पति हैदराबाद में रह रहा था, जबकि महिला चिंथल थांडा में दूसरे घर में रह रही थी।

पुलिस ने बताया कि दो नवंबर को जमीन के मुद्दे पर महिला और उसके ससुराल वालों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद आरोपियों ने उसे अपने घर में घसीटा और कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी। घटना के समय महिला का पति हैदराबाद में था।

मृतका के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या उसके ससुर और पति के भाइयों ने संपत्ति विवाद को लेकर की है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं और मामले की जांच जारी है।

भाषा मनीषा

मनीषा