नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार स्थित एक निजी स्कूल में तीसरी कक्षा की नौ वर्षीय छात्रा की बुधवार को मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 9:52 बजे लवली पब्लिक स्कूल में बच्ची की मौत के संबंध में पीसीआर कॉल आई थी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस को सूचना दी गई थी कि बच्ची को निर्माण विहार स्थित मलिक रेडिक्स हेल्थ केयर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उनके मुताबिक, प्रारंभिक तफ्तीश के दौरान कक्षा के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें बच्ची अचानक गिरती हुई दिखाई दे रही है।
पुलिस ने बताया कि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है।
अधिकारी ने बताया कि बच्ची के माता-पिता और स्कूल के संबंधित अधिकारियों के बयान दर्ज किए जाने हैं और सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
भाषा नोमान प्रचेता मनीषा
मनीषा