पुणे, चार नवंबर (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) के अध्यक्ष शरद पवार को बुधवार को यहां अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फोन पर उनसे बातचीत की और उनका कुशलक्षेम जाना।
पवार के सहयोगी विट्ठल मनियार ने बताया कि प्रधानमंत्री ने पवार को आराम करने की सलाह दी है। पवार को खांसी और सीने में दर्द (प्लूरिटिक पेन) की शिकायत के बाद दो नवंबर को ‘रूबी हॉल क्लिनिक’ में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि पवार की हालत स्थिर और पहले से बेहतर है, जिसके बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पवार मुंबई स्थित अपने आवास जा सकते हैं।
मनियार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज सुबह पवार साहब को फोन कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने बेहद आत्मीयता के साथ उनसे बात की और आराम करने की सलाह दी। मोदी ने उनसे कहा कि सुप्रिया (सुले) अब पूरी तरह से तैयार हैं और वह तथा अन्य लोग देश के लिए काम कर सकते हैं, इसलिए पवार साहब को अब आराम करना चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि पवार ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
मनियार ने कहा, ‘‘पवार साहब ने प्रधानमंत्री से कहा कि वह आराम कर रहे हैं और देश व राजनीति की स्थिति को संभालने के लिए सक्षम लोग मौजूद हैं, इसलिए वह पूरी तरह निश्चिंत हैं। उन्होंने कुशलक्षेम जानने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।’’
पवार की बेटी एवं बारामती से सांसद सुप्रिया सुले ने इससे पहले कहा था कि उनके पिता की मेडिकल जांच की जा रही है और उनकी सेहत से जुड़े सभी मानक स्थिर हैं।
रूबी हॉल क्लिनिक के मुख्य कार्डियोलॉजिस्ट, अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी डॉ. परवेज के. ग्रांट ने बताया कि पवार को सीने में दर्द की शिकायत के बाद सामान्य जांच और मेडिकल निगरानी के लिए भर्ती कराया गया था।
‘प्लूरिटिक पेन’ सीने में होने वाला ऐसा दर्द है जो आमतौर पर सांस लेने, हंसने या छींकने के दौरान बढ़ जाता है।
भाषा खारी मनीषा
मनीषा