नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने बुधवार को उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन से मुलाकात की।
उपराष्ट्रपति कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ''वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने उपराष्ट्रपति भवन में सी पी राधाकृष्णन से मुलाकात की।''
दीक्षित ने 31 अक्टूबर को भारतीय वायुसेना के 29वें प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाला था। उन्होंने एयर चीफ मार्शल ए पी सिंह का स्थान लिया, जो उसी दिन सेवानिवृत्त हुए थे।
एयर चीफ मार्शल दीक्षित ने रविवार को कहा था कि लड़ाकू विमानों के स्वीकृत स्क्वाड्रन की संख्या बहाल करना, तेजस और एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (एएमसीए) जैसी स्वदेशी परियोजनाओं में तेजी लाना तथा तीनों सेनाओं के बीच तालमेल मजबूत करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताएं होंगी।
उन्होंने ‘वायु’ (वीएवाईयू) संक्षिप्त नाम के जरिए अपनी प्राथमिकताएं भी बताई थीं। इसमें ‘विजिलेंस’ यानी सतर्कता और अभियानगत तैयारी, ‘आत्मनिर्भरता’, ‘युक्ति’ यानी सामरिक नवाचार और तीनों सेनाओं के बीच ‘एकजुटता’ शामिल हैं।
भाषा मनीषा
मनीषा