Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

विदेश सचिव मिसरी ने नेपाल के विदेश मंत्री से मुलाकात की, द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की

(शिरीष बी प्रधान)

(फाइल फोटो के साथ)

काठमांडू, चार नवंबर (भाषा) भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बुधवार को नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच बहुआयामी साझेदारी को और मजबूत करने तथा लंबे समय से जारी मैत्री संबंधों को प्रगाढ़ बनाने के तरीकों पर चर्चा की। नेपाल के विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी दी।

दिन में काठमांडू पहुंचे मिसरी ने विदेश मंत्रालय में खनाल से शिष्टाचार भेंट की।

विदेश मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, खनाल ने कहा कि नेपाल और भारत के बीच घनिष्ठ संबंध को ‘‘एक नयी ऊंचाई हासिल होगी’’।

बयान में कहा गया कि दोनों पक्षों ने ऊर्जा, व्यापार, खेल और शिक्षा सहित द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। इस दौरान बहुआयामी संबंधों को और मजबूत करने तथा दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक मैत्री को प्रगाढ़ बनाने पर जोर दिया गया।

मिसरी की नेपाल की इस दो दिवसीय नेपाल आधिकारिक यात्रा का उद्देश्य प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की प्रस्तावित भारत यात्रा के लिए आधार तैयार करना है।

बुधवार को काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे विदेश सचिव का नेपाल के विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव गेहेंद्र राजभंडारी और नेपाल में भारत के नवनियुक्त राजदूत सुधाकर दलेला ने स्वागत किया।

मिसरी नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय के निमंत्रण पर नेपाल आए हैं। उनकी यात्रा का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री शाह की प्रस्तावित भारत यात्रा और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना है।

विदेश मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, विदेश सचिव के शाह से मिलने की भी संभावना है। प्रधानमंत्री शाह नवंबर के आखिरी हफ्ते में भारत की आधिकारिक यात्रा पर आ सकते हैं।

जुलाई 2024 में विदेश सचिव का पद संभालने के बाद मिसरी की यह दूसरी नेपाल यात्रा है।

भाषा सुरभि मनीषा

मनीषा