कोट्टायम (केरलम), चार नवंबर (भाषा) केरलम के कोट्टायम जिले में टायर फटने के बावजूद तेज रफ्तार से कार चलाकर एक दर्जन से अधिक वाहनों को टक्कर मारने के आरोप में 18 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
आरोपी की पहचान गोकुल के रूप में हुई है, जो तिरुवल्ला रेलवे स्टेशन के पास रहता है। उसने मंगलवार शाम तिरुवल्ला से किराये पर ली गयी टोयोटा इनोवा को करीब आठ किलोमीटर तक कथित तौर पर तेज रफ्तार से चलायी। पुलिस को संदेह है कि वह शराब या मादक पदार्थ के नशे में था, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार, कार चंगनाशेरी की ओर जा रही थी, तभी पैप्पाड के मुंडुकोट्टा में उसने नंदिता (21) के स्कूटर को टक्कर मार दी। स्कूटर सवार नंदिता तिरुवल्ला के एक निजी अस्पताल में काम करने के बाद घर लौट रही थीं।
हादसे में नंदिता के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं और उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि इसके बावजूद चालक ने कार नहीं रोकी और त्रिकोडिथानम होते हुए थेंगाना की ओर बढ़ता रहा। पुलिस ने बताया कि कन्नोट्टू में उसने छह और वाहनों को टक्कर मार दी।
पुलिस ने बताया कि तब तक कार के अगले टायर में से एक टायर फट गया था, लेकिन चालक ने कार चलानी जारी रखी और क्षतिग्रस्त टायर के सड़क से रगड़ने के कारण चिंगारियां निकल रही थीं। पुलिस ने बताया कि दुर्घटनाओं में एक दर्जन से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों ने पीछा करके कार को रोका और त्रिकोडिथानम पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि घटना के कारण इलाके में काफी देर तक यातायात बाधित रहा।
यह घटना केरलम में कम उम्र के चालकों से जुड़ी सड़क दुर्घटनाओं को लेकर बढ़ती चिंता के बीच हुई है। हाल में चेरानल्लूर में एक नाबालिग और नेदुंबस्सेरी में 19 वर्षीय युवक से जुड़ी दुर्घटनाएं भी सामने आई थीं।
भाषा रंजन अमित
अमित