बेंगलुरु, चार नवंबर (भाषा) कर्नाटक के परिवहन मंत्री बायरथी सुरेश ने राज्य के चारों सरकारी परिवहन निगमों की बसों के किराये में वृद्धि की घोषणा की।
मंत्री के अनुसार, कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) में किराये में अधिकतम नौ रुपये की वृद्धि की गई है जबकि बेंगलुरु महानगर परिवहन निगम (बीएमटीसी) की शहरी बसों का किराया अधिकतम 10 रुपये बढ़ाया गया है।
उन्होंने बताया कि किराये की संशोधित दरें बुधवार मध्यरात्रि से लागू होंगी।
मंत्री ने बताया कि बेंगलुरु में बीएमटीसी की बसों का न्यूनतम किराया छह रुपये से बढ़ाकर 10 रुपये और अधिकतम किराया 35 रुपये से बढ़ाकर 45 रुपये कर दिया गया है।
सुरेश ने कहा, ‘‘वातानुकूलित वज्र बसों का अधिकतम किराया 75 रुपये से बढ़ाकर 90 रुपये कर दिया गया है। इसके आलवा, केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक चलने वाली वायु वज्र बसों का किराया 405 रुपये से बढ़ाकर अधिकतम 425 रुपये कर दिया गया है।’’
मंत्री ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, 'तमिलनाडु और महाराष्ट्र सरकारों ने भी बस किराए में बढ़ोतरी की है, इसलिए हम भी बस किराए में वृद्धि कर रहे हैं।'
उन्होंने किराये में इस संशोधन के लिए डीजल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को मुख्य कारण बताया।
सुरेश के अनुसार, केएसआरटीसी की बसों के किराये में अधिकतम नौ रुपये की वृद्धि की गई है तथा राजहंस एवं वातानुकूलित बसों जैसी प्रीमियम सेवाओं का किराया प्रतिस्पर्धी बाजार दरों को ध्यान में रखकर तय किया गया है।
राज्य सरकार पहले से ही 'शक्ति' योजना के तहत महिलाओं को राज्य में कहीं भी साधारण सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दे रही है।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन