Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

रामलीला मैदान की रैली में शामिल नहीं होने पर युवा कांग्रेस के 200 से अधिक पदाधिकारी निलंबित

नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) भारतीय युवा कांग्रेस ने एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित 'इंडिया' गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली’ में शामिल नहीं होने पर सात राज्यों के अपने 200 से अधिक पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया है।

सूत्रों के अनुसार, संगठन की ओर से गुजरात, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, हरियाणा, मध्य प्रदेश और झारखंड के पदाधिकारियों पर कार्रवाई की गई है।

गुजरात में 49, पश्चिम बंगाल में 26, उत्तर प्रदेश (मध्य) में 11, तेलंगाना में 14, हरियाणा में 10, मध्य प्रदेश में 60 और झारखंड में 32 पदाधिकारियों को निलंबित किया गया है। इस तरह कुल 202 पदाधिकारियों पर कार्रवाई की गई है।

निलंबित किए गए पदाधिकारियों में प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव स्तर के नेता शामिल हैं।

सूत्रों ने बताया कि इन पदाधिकारियों ने रैली को लेकर दिखाई गई उदासीनता के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

सूत्रों का यह भी कहना है कि कुछ अन्य राज्यों के पदाधिकारियों पर भी कार्रवाई हो सकती है।

मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई है।

बयान के अनुसार, एक नवंबर 2026 को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट चोरी विरोधी रैली’ से अनुपस्थित रहने के कारण संगठनात्मक अनुशासनहीनता का मामला सामने आया था। इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक निलंबित किया गया है।

मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस ने कहा कि यह कार्रवाई संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने और राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।

भाषा हक प्रचेता मनीषा

मनीषा