Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

उप्र : मुठभेड़ में घायल होने के बाद वकील हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

जालौन (उप्र), चार नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में कालपी के अधिवक्ता गयादीन अहिरवार हत्याकांड के मुख्य आरोपी को बुधवार को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 24 वर्षीय पवन यादव उर्फ मोनू यादव के रूप में हुई है। मुठभेड़ जोलहुपुर-मदारीपुर मार्ग पर हुई, जहां पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए उरई स्थित जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि जांच अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति हथियार लेकर सड़क पर मौजूद है। इस सूचना पर कालपी, उरई और कदौरा थानों की पुलिस टीमों ने विशेष हथियार एवं रणनीति (स्वॉट) टीम के साथ मिलकर इलाके की घेराबंदी की।

उन्होंने बताया कि पुलिस को देखकर आरोपी ने कथित तौर पर दो गोलियां चलाईं। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें यादव के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता गयादीन अहिरवार का 31 अक्टूबर को एक मामले पर चर्चा करने और चाय पीने के बहाने अपहरण कर लिया गया था। बाद में उनकी हत्या किए जाने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद कालपी थाने में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने बताया कि कानपुर नगर के गुजैनी थाना क्षेत्र के तरुण विहार निवासी यादव के पास से एक देसी .315 बोर की पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए गए हैं। इसके अलावा एक काली मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के संबंध में अलग से मामला दर्ज किया गया है। अधिवक्ता हत्याकांड में चार अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

भाषा सं जफर मनीषा

मनीषा