Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

एंटीगुआ और बारबुडा में राष्ट्रमंडल बैठक में विदेश मंत्री जयशंकर ने डिजिटल बुनियादी ढांचे के महत्व को रेखांकित किया

सेंट जोन्स, चार नवंबर (भाषा) विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने एंटीगुआ और बारबुडा में राष्ट्रमंडल शासनाध्यक्षों के कार्यकारी सत्र में ‘‘सुशासन और वित्तीय उत्तरदायित्व’’ के लिए डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे के महत्व को रेखांकित किया है।

राष्ट्रमंडल शासनाध्यक्षों की बैठक में भाग लेने के लिए जयशंकर मंगलवार को सेंट जोन्स पहुंचे। हवाई अड्डे पर विदेश मंत्री एवर्ली चेट ग्रीन तथा पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री चार्ल्स फर्नांडिस ने उनका स्वागत किया।

जयशंकर ने मंगलवार को बैठक के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट कर, ‘‘सुशासन और वित्तीय जवाबदेही सुनिश्चित करने में डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे के महत्व पर चर्चा हुई। इससे अवसरों का विस्तार करके अर्थव्यवस्थाओं को अधिक समावेशी बनाने में मदद मिली है। इस मामले में भारत का अनुभव सीखने योग्य है।’’

बैठक में जयशंकर ने भारत के हालिया मुक्त व्यापार समझौतों और जारी अन्य वार्ताओं के बारे में भी बात की।

उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह के समझौते पूर्वानुमानित व्यापार और मजबूत आपूर्ति शृंखलाओं को बढ़ावा देंगे।’’

इस वर्ष के राष्ट्रमंडल शासनाध्यक्षों की बैठक का विषय एक समृद्ध राष्ट्रमंडल के लिए साझेदारियों और निवेश में तेजी लाना है।

भाषा खारी रंजन

रंजन