Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

तेलंगाना में महिला बस कंडक्टर की चलती बस से धक्का देने के बाद उपचार के दौरान मौत

हैदराबाद, चार नवंबर (भाषा) तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (टीएसआरटीसी) की एक महिला बस कंडक्टर की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पिछले महीने भद्राद्री कोठागुडेम जिले में किराये के खुले पैसे को लेकर हुए विवाद के दौरान एक महिला यात्री ने चलती बस से उन्हें कथित तौर पर धक्का दे दिया था, जिससे वह घायल हो गई थीं। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

यह घटना 25 अक्टूबर को अस्वापुरम मंडल में हुई थी। उस समय महिला यात्री अपने बेटे के साथ बस में सफर कर रही थी।

पुलिस के अनुसार, यात्री एवं 24 वर्षीय बस कंडक्टर प्रवल्लिका के बीच शुरुआत में बेटे का टिकट खरीदने को लेकर विवाद हुआ था।

इसके बाद यात्री ने टिकट खरीदा और 100 रुपये दिए। विवाद तब फिर शुरू हो गया, जब उसने कंडक्टर से बाकी पैसे तत्काल लौटाने की मांग की।

कंडक्टर ने यात्री से कहा कि वह बस से उतरते समय अपने बाकी पैसे ले ले, लेकिन यात्री तत्काल खुले पैसे लौटाने की जिद पर अड़ी रही।

इसी दौरान बहस के बीच महिला यात्री ने कथित तौर पर कंडक्टर को चलती बस से धक्का दे दिया। वह सड़क पर गिर गईं और बस के पिछले पहिये के नीचे आने से उनके पैरों में चोटें आईं।

उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद के एक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ''मंगलवार रात करीब 11 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।''

मामले में प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद महिला यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने महिला बस कंडक्टर की मौत पर शोक व्यक्त किया।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार मृतक कंडक्टर के परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान करेगी।

परिवहन मंत्री प्रभाकर ने कहा कि सरकार ने कंडक्टर को हैदराबाद में बेहतर और उन्नत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई थी तथा उन्हें उम्मीद थी कि वह स्वस्थ हो जाएंगी।

उन्होंने एक विज्ञप्ति में कहा कि सरकार इस घटना के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है।

प्रभाकर ने मृतक कंडक्टर के परिजनों को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने, उनकी मां को सरकारी नौकरी देने और गरीबों के लिए सरकार की 'इंदिरम्मा' आवास योजना के तहत परिवार को मकान उपलब्ध कराने की घोषणा की।

भाषा रंजन मनीषा

मनीषा