Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

केकेआर को जेंटारी रिन्यूएबल्स में हिस्सेदारी खरीदने के लिए सीसीआई की मंजूरी मिली

नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) वैश्विक निवेश कंपनी केकेआर को प्रतिस्पर्धा नियामक भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) से मलेशिया की ऊर्जा क्षेत्र की कंपनी पेट्रोनास के स्वच्छ ऊर्जा मंच जेंटारी रिन्यूएबल्स इंडिया में हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी मिल गई है।

भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने मंगलवार को कहा कि केकेआर अपनी सहयोगी कंपनी सैफायर यूएस होल्डको (यूएसए) एलएलसी के जरिये यह निवेश कर रही है। यह कंपनी जेंटारी रिन्यूएबल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की कुछ प्रतिभूतियों की सदस्यता लेगी।

जेंटारी रिन्यूएबल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड भारत में नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों एवं बैटरी ऊर्जा भंडारण समाधानों के जरिये बिजली उत्पादन के कारोबार में लगी है।

यह पेट्रोलियम नैशनल बरहाद (पेट्रोनास) की अप्रत्यक्ष रूप से पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी है और मलेशिया की बहुराष्ट्रीय तेल एवं गैस कंपनी पेट्रोनास समूह का हिस्सा है।

यह मंजूरी अक्टूबर में घोषित प्रस्तावित निवेश के बाद मिली है। इसके तहत केकेआर मलेशिया की सरकारी स्वामित्व वाली ऊर्जा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी पेट्रोनास के समर्थन वाले भारतीय नवीकरणीय ऊर्जा कारोबार में करीब 6,000 करोड़ रुपये में हिस्सेदारी खरीदेगी।

हीरो फ्यूचर एनर्जीज, सेरेंटिका रिन्यूएबल्स और इंडिग्रिड सहित केकेआर पहले भी भारत के स्वच्छ ऊर्जा और बिजली बुनियादी ढांचा क्षेत्र में निवेश कर चुकी है।

प्रतिस्पर्धा कानून के तहत निर्धारित परिसंपत्ति या कारोबार की सीमा से अधिक वाले सौदों के लिए सीसीआई की मंजूरी जरूरी होती है। इसका उद्देश्य निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित करना और प्रतिस्पर्धा-विरोधी कारोबारी गतिविधियों को रोकना है।

भाषा निहारिका

निहारिका