श्रीनगर, चार नवंबर (भाषा) नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता एवं जम्मू-कश्मीर विधान परिषद के पूर्व सदस्य शेख गुलाम कादिर परदेसी का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। परिवार से जुड़े सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
परदेसी 88 वर्ष के थे और उनका निधन मंगलवार देर रात हुआ। उनके परिवार में पत्नी, बेटा और चार बेटियां हैं। उनके बेटे एहसान परदेसी लाल चौक विधानसभा क्षेत्र से नेशनल कॉन्फ्रेंस के मौजूदा विधायक हैं।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि दिवंगत नेता का 'नमाज-ए-जनाजा' पूर्वाह्न 11 बजे होगा और उन्हें शहर के बटवारा इलाके स्थित उनके पैतृक कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पार्टी के वरिष्ठ नेता के निधन पर शोक व्यक्त किया। अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘मेरे सहयोगी एहसान परदेसी के पिता गुलाम कादिर परदेसी साहब के निधन पर मेरी संवेदनाएं। विधान परिषद के पूर्व सदस्य और नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता परदेसी साहब का कल देर रात निधन हो गया। अल्लाह उन्हें जन्नत में जगह दे और इस मुश्किल घड़ी में परिवार को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करे। अल्लाह ताला मगफिरत फरमाए।’’
भाषा अमित
अमित