Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

भारत और श्रीलंका के तटरक्षक बलों ने परिचालन सहयोग बढ़ाने के उपायों पर की चर्चा

नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) भारत और श्रीलंका के तटरक्षक बलों ने मंगलवार को एक महत्वपूर्ण बैठक में परिचालन सहयोग बढ़ाने तथा खोज एवं बचाव अभियान और समुद्री कानूनों को लागू करने के क्षेत्रों में आपसी संबंधों को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की।

रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) और श्रीलंका तटरक्षक बल (एसएलसीजी) के बीच नौवीं उच्चस्तरीय बैठक श्रीलंका के मिरिसा में आयोजित की गई।

भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक परमेश शिवमणि ने किया, जबकि श्रीलंकाई प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई श्रीलंका तटरक्षक बल के महानिदेशक रियर एडमिरल रुवान रूपासेना ने की।

रक्षा मंत्रालय ने कहा, ''बैठक में समुद्री प्रदूषण से निपटने, समुद्री खोज एवं बचाव (एसएआर) तथा समुद्री कानूनों को लागू करने सहित साझा हितों के प्रमुख क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया गया।''

मंत्रालय के अनुसार, दोनों देशों के तटरक्षक बलों के बीच परिचालन सहयोग को और मजबूत करने के लिए क्षमता निर्माण तथा तकनीकी सहायता से जुड़ी पहलों को बढ़ावा देने के उपायों पर भी चर्चा हुई।

बयान में कहा गया कि विचार-विमर्श के दौरान दोनों प्रतिनिधिमंडलों ने उभरती समुद्री चुनौतियों से निपटने तथा साझा समुद्री क्षेत्र में सुरक्षा, संरक्षा और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

मंत्रालय ने कहा कि बैठक में हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षित, संरक्षित और स्वच्छ समुद्री वातावरण सुनिश्चित करने के लिए द्विपक्षीय संपर्क को और मजबूत करने, समुद्री आपात स्थितियों में समन्वित कार्रवाई को बढ़ावा देने तथा क्षेत्रीय सहयोग को आगे बढ़ाने के भारतीय और श्रीलंकाई तटरक्षक बलों के साझा संकल्प को भी रेखांकित किया गया।

भाषा मनीषा रंजन

रंजन