Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

अरुणाचल प्रदेश में ईटानगर बंद का मिला-जुला असर, सरकारी कार्यालय खुले रहे, दुकानें बंद

ईटानगर, चार नवंबर (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर राजधानी क्षेत्र में पीपुल्स राइट्स एक्शन कमेटी (पीआरएसी) द्वारा सुबह पांच बजे से आहूत 12 घंटे के बंद का बुधवार को मिला-जुला असर देखने को मिला। इस दौरान सरकारी कार्यालय खुले रहे, जबकि दुकानें बंद रहीं।

राजधानी के पुलिस अधीक्षक जुम्मर बासर ने पीटीआई-भाषा को बताया, ''बंद शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। कानून-व्यवस्था की समस्या या किसी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है।''

प्रदर्शनकारी सियांग, पूर्वी सियांग और अपर सियांग जिलों में सियांग अपर मल्टीपर्पज परियोजना (एसयूएमपी) के विरोध में 23 अक्टूबर को हुए प्रदर्शनों के सिलसिले में हिरासत में लिए गए लोगों की रिहाई की मांग कर रहे हैं।

पीआरएसी की अन्य मांगों में प्रस्तावित परियोजना के लिए तैनात सुरक्षा बलों को हटाना, गांवबुड़ा (ग्राम प्रधानों) के निलंबन आदेश रद्द करना और एसयूएमपी से संबंधित सर्वेक्षण गतिविधियों को रोकना शामिल है।

बासर ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि एहतियात के तौर पर सिविल सचिवालय और लोक भवन जैसे प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं, ताकि बंद शांतिपूर्ण रहे।

पुलिस के अनुसार, सरकारी कार्यालयों में कामकाज जारी रहा, जबकि दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के शटर बंद रहे।

ईटानगर राजधानी क्षेत्र (नाहरलागुन) के पुलिस अधीक्षक न्येलम नेगा ने भी कहा कि बंद शांतिपूर्ण रहा। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 30 प्रदर्शनकारियों ने बागे तिनाली से निरजुली होते हुए ईटानगर के आईजी पार्क तक मार्च निकालने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें तितर-बितर कर दिया।

पुलिस ने बताया कि बंद के दौरान वाहन चलते रहे, लेकिन राजधानी क्षेत्र की सड़कें अधिकांश समय सुनसान रहीं।

भाषा मनीषा

मनीषा