Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

मछली पकड़ने गए चेन्नई के नौ मछुआरे समुद्र में लापता

चेन्नई, चार नवंबर (भाषा) चेन्नई में ‘कासिमेडु फिशिंग हार्बर’ से मछली पकड़ने के लिए समुद्र में गए नौ मछुआरे लापता हो गए हैं। खराब मौसम के कारण उनकी मशीनीकृत नौका का संपर्क टूट गया था। स्थानीय मछुआरों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

कासिमेडु के मछुआरों ने बताया कि ये लोग सेल्वालगन नामक स्थानीय मछुआरे की टीएन 02 एमएम 2584 पंजीकरण संख्या वाली नौका से 29 अक्टूबर को गहरे समुद्र में मछली पकड़ने के लिए रवाना हुए थे।

मछुवारे सतीश कुमार के अनुसार तीन नवंबर को अपराह्न तीन बजे नाव से संपर्क टूट गया। उन्होंने बताया कि खराब मौसम को देखते हुए उन्हें किनारे वापस लौटने के लिए कहा गया था लेकिन वे वापस नहीं आ सके। इसलिए उन्होंने अपनी नाव को किसी दूसरी नाव के पास लंगर डालकर रोक दिया था।

कुमार ने कहा, ‘‘कल अपराह्न तीन बजे तक हमारा उनसे संपर्क था। उन्होंने बताया था कि वे वापस नहीं लौट सकते और उन्होंने लंगर डाल दिया है।’’

उन्होंने बताया, ''लेकिन आज सुबह पास की नौका के चालक सारवनन और सूर्या ने हमें बताया कि वह नौका अब उस जगह पर नहीं थी जहां उन्होंने लंगर डाला था।''

इन लोगों के लापता होने के बाद मछुआरा समुदाय ने मत्स्य पालन विभाग के सहायक निदेशक, तटरक्षक बल और राज्य के मंत्रियों को औपचारिक शिकायतें दी हैं और तुरंत मदद की गुहार लगाई है।

कुमार ने बताया, 'हमने तटरक्षक बल और राज्य सरकार को पत्र सौंपे हैं लेकिन अब तक हमें कोई जानकारी नहीं मिली है।’’

कुमार ने कहा, ‘‘परिवार के सदस्य बहुत परेशान हैं। हम तमिलनाडु सरकार से अनुरोध करते हैं कि वे तुरंत कार्रवाई करें और इन नौ लोगों को बचाने के लिए तटरक्षक बल के जहाजों और हेलीकॉप्टरों को तैनात करें।’’

भाषा

सुरभि रंजन

रंजन