मुंबई, चार नवंबर (भाषा) महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने बुधवार को कहा कि राज्य में गंभीर सूखे की स्थिति को देखते हुए उनकी पार्टी इस साल मुंबई के शिवाजी पार्क में प्रस्तावित अपना वार्षिक ‘दीपोत्सव’ कार्यक्रम आयोजित नहीं करेगी।
ठाकरे ने एक वीडियो संदेश में राज्य के लोगों से भी अपील की कि वे इस साल दिवाली मनाते समय स्थिति का ध्यान रखें और संयम बरतें।
उन्होंने कहा कि जब ग्रामीण महाराष्ट्र गंभीर सूखे से जूझ रहा हो, किसान भारी आर्थिक दबाव में हों और इसके कारण हजारों लोग शहरों की ओर पलायन कर रहे हों, ऐसे समय में भव्य रूप से त्योहार मनाना उचित नहीं होगा।
इस वर्ष कम बारिश के कारण महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के 85 प्रतिशत हिस्से को सूखाग्रस्त घोषित किया है और दिवाली से पहले किसानों को 5,000 रुपये की अंतरिम सहायता देने की घोषणा की है।
ठाकरे ने कहा कि यदि स्थिति में सुधार होता है, तो अगले साल दीपोत्सव का आयोजन अवश्य किया जाएगा।
मनसे का दीपोत्सव हर साल हजारों लोगों को आकर्षित करता है। इस दौरान शहर के ऐतिहासिक शिवाजी पार्क और उसके आसपास के इलाके को रोशनी से सजाया जाता है तथा आतिशबाजी का भव्य प्रदर्शन किया जाता है।
इस आयोजन का उद्घाटन प्रमुख हस्तियों द्वारा किया जाता रहा है। वर्ष 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस (मौजूदा मुख्यमंत्री) ने इस समारोह में भाग लिया था। वर्ष 2024 में प्रसिद्ध पटकथा लेखक सलीम खान और जावेद अख्तर ने दीपोत्सव का उद्घाटन किया था।
पिछले साल, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनावों से पहले, राज ठाकरे और उनके चचेरे भाई एवं शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मिलकर इस कार्यक्रम का उद्घाटन किया था।
भाषा खारी मनीषा
मनीषा