नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के चांदनी चौक स्थित 160 साल से अधिक पुराने नगर निगम (एमसीडी) टाउन हॉल का एक हिस्सा पिछले सप्ताह दो दिन तक हुई भारी बारिश के बाद 31 अक्टूबर को ढह गया। इससे इमारत के प्रवेश बरामदे की छत और दो विशाल बीम ढहने गए तथा इस ऐतिहासिक इमारत के आसपास के हिस्सों को भी नुकसान पहुंचा है। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, इमारत के इस हिस्से को पहले ही असुरक्षित घोषित कर घेराबंदी कर दी गई थी।
उन्होंने बताया कि इस घटना से इमारत का सामने का हिस्सा, पहली मंजिल का एक भाग और मुख्य प्रवेश द्वार के बरामदे के आसपास की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। प्रवेश द्वार के ऊपर लगी घड़ी को भी नुकसान पहुंचा जबकि बगल की एक दीवार में दरारें आ गईं।
एमसीडी के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “मुख्य प्रवेश द्वार के बरामदे के पास के हिस्से को पहले ही असुरक्षित घोषित कर दिया गया था। एहतियात के तौर पर लोगों को उस हिस्से में जाने या प्रवेश करने से मना किया गया था। इमारत की संरचनात्मक स्थिति को देखते हुए उस क्षेत्र का इस्तेमाल आगंतुकों द्वारा नहीं किया जा रहा था और वहां प्रवेश प्रतिबंधित था।”
उन्होंने कहा कि इमारत की संरचना पहले से ही कमजोर थी और पिछले सप्ताह दो दिनों तक हुई भारी बारिश के कारण यह और कमजोर हो गई होगी, जिसके कारण उसका एक अंततः हिस्सा ढह गया।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि एमसीडी घटनास्थल से मलबा हटाने और अन्य तत्काल आवश्यक कार्यों को करेगी जबकि दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) ऐतिहासिक परिसर के व्यापक संरक्षण का काम करेगा।
भाषा
प्रचेता रंजन
रंजन