नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) आगामी चार दिसंबर से शुरू होने जा रहे 108 दिवसीय ‘इंडिया बिएनाले’ के लिए चुने गए सांस्कृतिक स्थलों में जंतर-मंतर वेधशाला, सफदरजंग मकबरा, राष्ट्रीय संग्रहालय और दक्षिण दिल्ली स्थित बराखंभा मकबरा शामिल है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
जयपुर के सवाई महाराजा जयसिंह द्वितीय द्वारा 1724 में निर्मित जंतर-मंतर वेधशाला पिछले कुछ दशकों में विरोध प्रदर्शनों का एक प्रमुख केंद्र रही है। हालांकि, दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार द्वारा 11 अक्टूबर को जारी एक आदेश के जरिए इसे विरोध स्थल की सूची से हटा दिया गया है।
संस्कृति मंत्रालय ने 30 सितंबर को एक पोस्ट में कहा था कि यह महोत्सव चार दिसंबर से ‘‘दिल्ली के सबसे ऐतिहासिक स्थलों पर आयोजित होगा। इनमें लोधी गार्डन का लॉन, कुतुब मीनार परिसर, अग्रसेन की बावली, लाल किला और सफदरजंग मकबरा शामिल हैं। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी भर की कला दीर्घाओं और निजी सांस्कृतिक स्थलों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।’’
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस महोत्सव का मुख्य आयोजन स्थल ऐतिहासिक पुराना किला होगा, जहां विभिन्न मंडप बनाए जाएंगे।
अधिकारी ने बताया कि जंतर-मंतर वेधाशाला, सफदरजंग मकबरा, बाराखंबा मकबरा, सब्ज बुर्ज, किला राय पिथोरा, राष्ट्रीय संग्रहालय, राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी), संगीत नाटक अकादमी, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए), राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय (एनजीएमए) और हौज खास स्मारक भी इस आयोजन के प्रमुख स्थलों में शामिल हैं।
हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि किस स्थल पर कौन से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
संस्कृति मंत्रालय ने दो दिन पहले सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दिल्ली, आपके लिए कुछ रोमांचक आ रहा है! चार दिसंबर 2026 से 21 मार्च 2027 तक आयोजित होने वाला ‘इंडिया बिएनाले 2026’ कला, वास्तुकला और विरासत का एक भव्य उत्सव है, जो दिल्ली के ऐतिहासिक स्मारकों और सांस्कृतिक स्थानों में कलात्मक अनुभव लेकर आएगा। ऐतिहासिक पुराना किला कला के इस भव्य उत्सव का गवाह बनने के लिए पूरी तरह तैयार है।’’
भाषा खारी अमित
अमित