इंदौर, चार नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के धार जिले में लोकायुक्त पुलिस ने आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के एक प्रबंधक के ठिकानों पर बुधवार को छापे मारे और उसकी ज्ञात वैध आय से करीब चार गुना अधिक संपत्तियों का कथित तौर पर पता लगाया। लोकायुक्त पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
निरीक्षक आशुतोष मिठास ने बताया कि एक शिकायत पर नालछा स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक शेर सिंह ठाकुर के तीन ठिकानों पर छापे मारे गए।
उन्होंने बताया,‘‘छापों में अब तक पता चला है कि प्रबंधक के करीब 20 साल के सेवाकाल के दौरान उसका अनुमानित वेतन 65 लाख रुपये रहा, जबकि इस अवधि में उसने अपने और पत्नी के नाम पर खरीदी गईं संपत्तियों पर 2.41 करोड़ रुपये खर्च किए।’’
मिठास ने बताया कि इन संपत्तियों में 2,400 वर्ग फुट पर बना दो मंजिला आलीशान मकान, 1,350 वर्ग फुट का व्यावसायिक भवन, अलग-अलग स्थानों पर कुल 3.17 हेक्टेयर कृषि भूमि, एक अर्थ मूविंग मशीन और कई वाहन शामिल हैं। उन्होंने बताया कि छापों में एक अन्य बेनामी भवन की भी जानकारी मिली है जिसका सत्यापन किया जा रहा है।
निरीक्षक ने बताया कि सहकारी समिति के प्रबंधक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और विस्तृत जांच जारी है।
भाषा हर्ष रंजन अमित
अमित