चेन्नई, चार नवंबर (भाषा) नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में मंगलवार को दो हेलीकॉप्टरों की हवा में टक्कर होने से चेन्नई के 47 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान बी. वसंतकुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि पर्यटक के तौर पर नेपाल गए वसंतकुमार मंगलवार सुबह फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार थे, जिसकी एयर डायनेस्टी के एक अन्य हेलीकॉप्टर से टक्कर हो गई।
पुलिस ने बताया कि नेपाली अधिकारियों ने वसंतकुमार के बुजुर्ग माता-पिता बालारमन रामाडु (80) और परमेश्वरी (74) से चेन्नई में सीधे संपर्क करके घटना की सूचना दी।
इस खबर से शोकाकुल परिवार ने वसंतकुमार का अंतिम संस्कार चेन्नई में ही करने का फैसला किया है।
वसंतकुमार के परिवार में उनकी पत्नी अनल चौहान और बेटा विवान हैं। अनल एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में 'टेस्ट मैनेजर' के पद पर कार्यरत हैं।
पुलिस ने बताया कि राजनयिक स्तर पर कार्रवाई शुरू हो गई है। पुलिस ने बताया कि वसंतकुमार के शव को जल्द लाने के लिए भारतीय अधिकारी और तमिलनाडु सरकार, नेपाली अधिकारियों तथा काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
नेपाल पुलिस के एक बयान के अनुसार, मंगलवार को सोलुखुम्बु जिले की खुम्बु पासांग ल्हामू ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड चार स्थित फेरिचे हेलीपैड पर उतरते समय दोनों हेलीकॉप्टरों की टक्कर हुई थी।
नेपाली पुलिस के मुताबिक, दोनों हेलीकॉप्टरों ने माउंट एवरेस्ट के प्रवेश द्वार माने जाने वाले लुक्ला हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी।
भाषा प्रचेता अमित
अमित