ठाणे, चार नवंबर (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे शहर में घोडबंदर मार्ग पर बुधवार तड़के एक टेम्पो के सड़क के डिवाइडर से टकराने के बाद पीछे से आ रहा रसायनों से भरा टैंकर उससे टकराकर पलट गया। हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया। नगर निकाय के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, दुर्घटना के कारण सड़क पर यातायात बाधित हो गया।
क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (आरडीएमसी) के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि दुर्घटना घोडबंदर की ओर जाने वाले मार्ग पर पातलीपाडा पुल के पास हुई, जिसकी सूचना बुधवार तड़के दो बजकर 44 मिनट पर मिली।
उन्होंने बताया कि सब्जियां लेकर कलवा से ओवाला जा रहे एक टेम्पो के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे टेम्पो सड़क के डिवाइडर से टकरा गया। इसी दौरान पीछे से आ रहा रसायनों से भरा टैंकर टेम्पो से टकराकर पलट गया।
तडवी के मुताबिक, टैंकर नवी मुंबई स्थित 'जवाहरलाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट' (जेएनपीटी) से 20,000 लीटर रसायन लेकर गुजरात जा रहा था।
उन्होंने बताया कि टक्कर के कारण सड़क पर लगी 'स्ट्रीट लाइट' का एक खंभा गिर गया, जबकि टैंकर से रिस रहा रसायन सड़क पर फैल गया।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस, दमकल कर्मियों और आपदा प्रबंधन कर्मचारियों सहित आपातकालीन दल तुरंत मौके पर पहुंचे। घायल टेम्पो चालक को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि सड़क पर गिरे खंभे को हटा दिया गया और अन्य दुर्घटनाएं रोकने के लिए सड़क पर फैले तेल पर मिट्टी डाली गई।
तडवी ने बताया कि यातायात पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और सड़क साफ करने के लिए क्रेन का इस्तेमाल किया। हालांकि, इस दौरान सड़क पर वाहनों की आवाजाही धीमी गति से जारी रही।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन