अमरोहा (उप्र), चार नवंबर (भाषा) अमरोहा जिले में तेज रफ्तार थार गाड़ी की मोटरसाइकिल से आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार हादसा मंगलवार रात करीब आठ से नौ बजे के बीच अमरोहा कोतवाली क्षेत्र में बिजनौर मार्ग पर हुआ।
अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया ने बताया कि मृतकों की पहचान डाक बंगला क्षेत्र निवासी प्रशांत (26) और उसके मित्र राजीव (27) के रूप में हुई है।
प्रशांत के पिता तेजपाल की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, दोनों युवक नौगांवा सादात से अमरोहा लौट रहे थे तभी अमरोहा से नौगांवा सादात की ओर जा रही एक थार गाड़ी ने विक्टोरिया स्कूल के सामने उनकी मोटरसाइकिल को सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद थार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग नगर कोतवाली थाने पहुंच गए। उन्होंने थार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार थाने पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाकर शांत कराया।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखवा दिया है और इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा सं जफर रंजन खारी
खारी