कोच्चि, चार नवंबर (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक सहकारी समिति और उसके प्रवर्तक के खिलाफ धन शोधन की जांच के सिलसिले में बुधवार को केरलम और तमिलनाडु में छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि जांच में भारत लझना मल्टी स्टेट को-ऑपरेटिव सोसाइटी’ (बीएलएम) के संस्थापक सदस्य और वास्तविक अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आर. प्रेमकुमार तथा कुछ अन्य लोग शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय एजेंसी के कोच्चि कार्यालय ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दोनों राज्यों में कुल 11 परिसरों पर छापेमारी की कार्रवाई की।
आरोप है कि प्रेमकुमार ने अपने प्रभाव का गलत इस्तेमाल करते हुए आम जमाकर्ताओं से जुटाई गई सोसाइटी की करोड़ों रुपये की रकम को अपनी पत्नी और रिश्तेदारों के खातों में हस्तांतरित कर दिया जिसका इस्तेमाल उन्होंने निजी कार्यों के लिए किया।
ईडी का दावा है कि उन्होंने समिति के रागम थिएटर को गिरवी रख दिया, लेकिन इससे मिली रकम समिति तक नहीं पहुंची। इसके अलावा उन्होंने तमिलनाडु के कांचीपुरम में पत्नी के नाम पर करीब 500 एकड़ जमीन खरीदी।
भाषा सुरभि रंजन
रंजन