श्रीनगर, चार नवंबर (भाषा) श्रीनगर के दरबल इलाके में एक झुग्गी-बस्ती में आग लगने से कबाड़ इकट्ठा करने वाले दो लोगों की जलकर मौत हो गई। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, रात 12 बज कर 23 मिनट पर लगी आग ने बेमिना इलाके में तिरपाल और लकड़ी से बने 80 अस्थायी झुग्गी-झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके अलावा, एक खाली मुर्गी फार्म और ट्रक भी जल कर खाक हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं लेकिन उन्हें बुलाए जाने से पहले ही पूरा इलाका आग की लपटों में घिर चुका था।
उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने के बाद मलबे से दो शव बरामद किए गए।
अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों की पहचान कबाड़ बीनने वाले मोहम्मद नूर आलम (27) और अल अमीन (16) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि दोनों दिल्ली के रहने वाले थे। नूर आलम दरबल का रहने वाला था जबकि अल अमीन कुपवाड़ा में रहता था।
उन्होंने बताया कि फोरेंसिक जांच पूरी होने के बाद शवों को स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया। आग लगने के कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन