Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

मप्र : थाना प्रभारी की हत्या के मामले में ट्रक चालक समेत दो आरोपी अलग-अलग मुठभेड़ों में घायल

इंदौर, चार नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब की अंतरराज्यीय तस्करी रोकने पहुंचे थाना प्रभारी दिलीप पुरी की हत्या के मामले में गिरफ्तार ट्रक चालक समेत दो आरोपी मंगलवार रात पुलिस के साथ अलग-अलग मुठभेड़ों में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि हत्याकांड के बाद से फरार ट्रक चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत (28) को आलीराजपुर जिले से हिरासत में लिया गया।

उन्होंने बताया कि आरोपी को देवास लाते समय उसने जिले के बरोठा थाना क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी की ‘‘रिवॉल्वर छीनकर हिरासत से भागने का प्रयास’’ किया।

पुलिस अधीक्षक ने कहा,‘‘भागने की कोशिश के दौरान उसने रिवॉल्वर से पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस की ओर से मानक संचालन प्रक्रिया के तहत आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई के दौरान गोली पैर में लगने से वह घायल हो गया।’’

उन्होंने बताया कि घायल आरोपी को पहले देवास के जिला अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती कराया गया और गंभीर हालत के चलते बेहतर उपचार के लिए इंदौर के एक अस्पताल भेज दिया गया।

इस बीच, देवास के शहर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) सुमित अग्रवाल ने बताया कि थाना प्रभारी पुरी की हत्या के वक्त ट्रक में चालक रावत के साथ मौजूद धीरज को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

सीएसपी के अनुसार गिरफ्तारी के बाद धीरज ने देवास के बैंक नोट प्रेस थाना क्षेत्र में पुलिस की हिरासत से भागने का प्रयास किया और एक पुलिसकर्मी से उसकी बंदूक छीनकर गोलीबारी की।

उन्होंने बताया कि आरोपी को चेतावनी दी गई, लेकिन इसकी अनसुनी किए जाने पर पुलिस की ओर से आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया।

अग्रवाल ने बताया कि पुलिस ने घायल आरोपी को देवास के जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

भाषा हर्ष खारी

खारी