कोलार (कर्नाटक), तीन नवंबर (भाषा) कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता चलवाडी नारायणस्वामी ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि देश में अशांति फैलाने पर कांग्रेस के ‘‘टुकड़े-टुकड़े कर अरब सागर में फेंक देने’’ संबंधी उनकी टिप्पणी किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं थी।
नारायणस्वामी ने कांग्रेस नेताओं द्वारा इस टिप्पणी का विरोध किए जाने के बाद यह टिप्पणी की।
कोलार में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता मिटाओ' पदयात्रा को संबोधित करते हुए राज्य विधान परिषद में विपक्ष के नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लोगों को गुमराह करके अराजकता फैलाने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा, 'लोगों को गुमराह करने की कोशिश न करें। अगर आप (कांग्रेस) अराजकता पैदा करने की कोशिश करेंगे, तो हमारे भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक आपके टुकड़े-टुकड़े कर देंगे और आपको अरब सागर में फेंक देंगे।'
कांग्रेस नेताओं ने नारायणस्वामी की इस टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की और विरोध प्रदर्शन किया। बाद में नारायणस्वामी ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि उनकी टिप्पणी कांग्रेस पार्टी के खिलाफ थी, न कि किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ।
एक वीडियो बयान में नारायणस्वामी ने कहा कि उन्होंने जनसभा में कहा था कि कांग्रेस अपने सहयोगी दलों के समर्थन से देश में अराजकता पैदा कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाषण भड़काऊ नहीं था क्योंकि उन्होंने किसी खास व्यक्ति का जिक्र नहीं किया था।
भाजपा नेता ने कहा, 'मेरी टिप्पणियां किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं थीं। मैं केवल कांग्रेस पार्टी के बारे में बात कर रहा था और कुछ नहीं।'
भाषा सुमित सिम्मी
सिम्मी