नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मंगलवार को लंदन में आयोजित ‘वर्ल्ड ट्रैवल मार्केट’ (डब्ल्यूटीएम) के दौरान अपनी ब्रिटिश समकक्ष से द्विपक्षीय बैठक की और दोनों पक्षों ने पर्यटन के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा की।
दुनिया के प्रमुख यात्रा एवं पर्यटन आयोजनों में से एक ‘वर्ल्ड ट्रैवल मार्केट लंदन’ का आयोजन तीन से पांच नवंबर तक लंदन के एक्सेल प्रदर्शनी केंद्र में किया जा रहा है।
शेखावत ने ब्रिटेन की पर्यटन मंत्री स्टेफनी पीकॉक के साथ मिलकर डब्ल्यूटीएम 2026 में ‘अतुल्य भारत’ मंडप का उद्घाटन भी किया।
शेखावत ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह मंडप वैश्विक पर्यटन समुदाय के सामने भारत के विविध पर्यटन स्थलों, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, जीवंत परंपराओं और विश्वस्तरीय पर्यटन अनुभवों को प्रदर्शित करता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भारत और ब्रिटेन के बीच पर्यटन सहयोग को मजबूत करने और भारत को दुनिया के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल करने के लिए नयी साझेदारियां स्थापित करने को उत्सुक हूं। अतुल्य भारत, उम्मीदों से परे।’’
एक अन्य पोस्ट में शेखावत ने कहा, ‘‘लंदन में वर्ल्ड ट्रैवल मार्केट 2026 के दौरान ब्रिटेन की खेल, पर्यटन, स्थानीय विकास और डिजिटल शासन मंत्री एवं सांसद स्टेफनी पीकॉक के साथ द्विपक्षीय बैठक की।’’
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘हमने भारत और ब्रिटेन के बीच पर्यटन सहयोग मजबूत करने, दोनों देशों के बीच संपर्क सुविधाएं बेहतर बनाने, विरासत एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने तथा दोनों देशों के पर्यटन उद्योगों के बीच सहयोग के नए अवसर पैदा करने पर चर्चा की।’’
भाषा सिम्मी वैभव
वैभव