लखनऊ, तीन नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गोमांस की कथित तस्करी में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से कथित रूप से गोमांस से भरे सात बोरे, एक वैन और अवैध रूप से पशुओं के वध में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने एक बयान में कहा कि सोमवार को रहीमाबाद थाना पुलिस को पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया सेवा (पीआरवी) के जरिए सूचना मिली थी कि कुछ लोग जुगराजगंज रेलवे क्रॉसिंग के पास एक वैन में गोमांस ले जा रहे हैं।
बयान के अनुसार, सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां वैन चालक मोहम्मद फैजुल (32) को स्थानीय लोगों ने घेर रखा था। फैजुल हरदोई जिले के टिक्कारा बरार गांव का निवासी है। पुलिस फैजुल, वैन और मांस से भरे बोरों को रहीमाबाद थाने ले आई।
पुलिस ने बताया कि वैन से मांस के सात बोरे बरामद किए गए, जिनमें रखे मांस के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
बयान के अनुसार, रहीमाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव के निवासी भूपेंद्र कुमार की शिकायत पर फैजुल और तीन अन्य लोगों रिजवान, इस्लामु और इरशाद के खिलाफ ‘उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम, 1955’ के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पूछताछ के दौरान फैजुल ने अपने साथी मोहम्मद रिजवान (35) के भी इस मामले में शामिल होने की जानकारी दी। रिजवान हरदोई जिले के मुन्नूखेड़ा गांव का निवासी है। पुलिस ने बताया कि इसके बाद सोमवार शाम 7:40 बजे रिजवान को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि जब्त सामान में लकड़ी के तीन गुटके, तीन कुल्हाड़ियां, लोहे के छह चाकू, सात अन्य चाकू, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक पारंपरिक तराजू, बाट, पांच रेती और नायलॉन की रस्सी के दो बंडल शामिल हैं। इसके अलावा वैन को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है।
भाषा आनन्द
सिम्मी
सिम्मी