Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

नाबालिग लड़कियों को ‘बेचे जाने’ के मामले में तीन राज्यों को एनएचआरसी का नोटिस

नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने मध्यप्रदेश एवं राजस्थान के कई सीमावर्ती जिलों में बड़ी संख्या में नाबालिग लड़कियों को उनके माता-पिता द्वारा कथित तौर पर तीन से पांच लाख रुपये में बिचौलियों को बेचे जाने की खबरों पर इन दोनों राज्यों और महाराष्ट्र की सरकारों तथा उनके पुलिस प्रमुखों को नोटिस जारी किया है। आयोग ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

आयोग ने एक बयान में कहा कि बिचौलिये फर्जी दस्तावेजों की मदद से इन लड़कियों को अपनी गोद ली हुई संतान बताकर उनकी तस्करी करते हैं।

एनएचआरसी ने मीडिया में आई एक खबर का स्वत: संज्ञान लिया है, जिसके अनुसार ‘‘मध्यप्रदेश और राजस्थान की सीमा से लगे कई जिलों में बड़ी संख्या में नाबालिग लड़कियों को उनके माता-पिता कथित तौर पर तीन से पांच लाख रुपये में बिचौलियों को बेच रहे हैं।’’

आयोग ने कहा कि इन लड़कियों की पहचान छिपाने के लिए उनके व्यक्तिगत विवरण बदल दिए जाते हैं और फिर वयस्क होने पर कथित तौर पर ‘‘देह व्यापार के लिए उन्हें महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों में 35 से 40 लाख रुपये’’ में बेच दिया जाता है।

आयोग ने कहा कि यदि खबर में दी गई जानकारी सही है तो यह पीड़ित लड़कियों के मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन का मामला है।

बयान के अनुसार, आयोग ने मध्यप्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र के मुख्य सचिवों तथा पुलिस महानिदेशकों को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

भाषा सिम्मी वैभव

वैभव