इंदौर, तीन नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब की अंतरराज्यीय तस्करी रोकने पहुंचे थाना प्रभारी दिलीप पुरी की हत्या का मुख्य आरोपी ट्रक चालक मंगलवार रात पुलिस हिरासत से कथित तौर पर भागने की कोशिश में घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने बताया कि हत्याकांड के बाद से फरार ट्रक चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत को आलीराजपुर जिले से हिरासत में लिया गया।
उन्होंने घटना का विस्तृत ब्योरा दिए बगैर बताया कि आरोपी को देवास लाते समय उसने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया जिसके बाद पुलिस की ओर से ‘‘मानक संचालन प्रक्रिया के तहत की गई कार्रवाई’’ में वह घायल हो गया।
मिश्रा ने बताया कि घायल आरोपी को देवास के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में उसका उपचार किया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब की खेप तस्करी के जरिए गुजरात भेजे जाने की सूचना मिलने पर खातेगांव थाना प्रभारी पुरी पुलिस दल के साथ सोमवार तड़के इंदौर-बैतूल राजमार्ग पर पहुंचे थे।
उन्होंने बताया, ‘‘पुरी ने 1,800 से ज्यादा लीटर शराब से भरे ट्रक को रोककर चालक से पूछताछ करने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने पुलिस से बचकर भागने के लिए ट्रक सड़क के डिवाइडर पर चढ़ा दिया। इस दौरान वाहन का पिछला पहिया थाना प्रभारी के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौत हो गई।’’
भाषा हर्ष सिम्मी
सिम्मी