नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को देश के प्रमुख आंतरिक सुरक्षा बल केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की सराहना की, जिसने लगातार 12 महीनों में अपने एक भी जवान को नहीं खोया। पिछले 47 सालों में यह उपलब्धि पहली बार हासिल हुई है।
सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा, 'शून्य अपने आप में बहुत कुछ कहता है।'
प्रधानमंत्री की सोशल मीडिया पोस्ट में एक ऐसा चित्र (ग्राफिक) साझा किया गया था, जिसमें शून्य के साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के तीन जवान तीन अलग-अलग दिशाओं में बंदूकें ताने खड़े दिखाई दे रहे हैं।
मोदी ने कहा, 'सीआरपीएफ में 47 वर्षों में पहली बार लगातार 12 महीने में कोई हताहत नहीं हुआ।'
सीआरपीएफ के अनुसार, यह उपलब्धि उन विभिन्न मोर्चों पर जारी 'लगातार' और 'सघन' अभियानों के बीच हासिल की गई है, जहां बल के जवान तैनात हैं।
सीआरपीएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसे 'अत्यंत संतोषजनक घटनाक्रम' बताया।
करीब 3.25 लाख कर्मियों वाला सीआरपीएफ देश भर में आंतरिक सुरक्षा का मुख्य स्तंभ है। बल तीन प्रमुख ज़िम्मेदारियां निभाता है: नक्सल विरोधी अभियानों में, जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियानों में और पूर्वोत्तर राज्यों में उग्रवाद विरोधी अभियानों में।
भाषा सुमित वैभव
वैभव