गुरुग्राम, तीन नवंबर (भाषा) गुरुग्राम पुलिस ने 13 सितंबर को महिला बाइक सवार शिवानी चौहान को कथित तौर पर जानबूझकर कार से टक्कर मारने के मामले में दो लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास और अन्य अपराधों के आरोप में आरोपपत्र दाखिल किया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि कल्याण बैसला और लवनीश के खिलाफ स्थानीय अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया गया। उन्होंने बताया कि अदालत ने सोमवार को आरोपपत्र पर संज्ञान लिया।
शिवानी के हेलमेट पर लगे कैमरे और उनके साथ बाइक पर सवार एक अन्य व्यक्ति के कैमरे में इस घटना के दृश्य कैद हो गए थे। शिवानी ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद लोगों में आक्रोश फैल गया।
दिल्ली के कालकाजी इलाके की रहने वाली शिवानी (27) अपने दोस्तों के साथ गोल्फ कोर्स रोड से एक्सटेंशन रोड की ओर जा रही थी। इसी दौरान सफेद कार में सवार आरोपी ने कथित तौर पर उनका पीछा किया, अश्लील इशारे किए और फिर अपनी कार से उनकी मोटरसाइकिल में बगल से टक्कर मार दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
टक्कर लगने से शिवानी मोटरसाइकिल से गिर गईं और सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गईं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद कल्याण ने स्वीकार किया था कि टक्कर उसकी गलती से हुई, लेकिन उसने जानबूझकर शिवानी को टक्कर मारने से इनकार किया था। उसका दावा था कि यू-टर्न के पास उसने कार पर से नियंत्रण खो दिया था।
हालांकि, विशेष जांच दल (एसआईटी) की रिपोर्ट में निष्कर्ष निकाला गया था कि “यह दुर्घटना नहीं, बल्कि सोच-समझकर और जानबूझकर की गई हरकत थी।”
भाषा पारुल वैभव
वैभव