जयपुर, तीन नवंबर (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री उन पर लगाए गए आरोपों के दस्तावेज दें अन्यथा माफी मांगे। गहलोत ने मुख्यमंत्री शर्मा द्वारा मंगलवार को जोधपुर में की गई टिप्पणियों पर पलटवार करते हुए यह बात कही।
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक बयान में कहा,“आज (मंगलवार को) जोधपुर में मुख्यमंत्री शर्मा ने बिना तथ्यों के जो अनर्गल बातें कही हैं, उनसे मेरे मन को पीड़ा पहुंची है।”
गहलोत ने कहा,“उन्होंने (शर्मा ने) व्यक्तिगत तौर पर मेरे बारे में एकदम झूठे आरोप लगाकर जो कपोल-कल्पित कहानी प्रचारित की है, मुझे आशा है कि उसका विस्तृत विवरण, तथ्यों और दस्तावेजों सहित, वे मुझे भी देंगे और प्रदेश की जनता के सामने भी रखें अन्यथा 24 घंटे में माफी मांगें।”
शर्मा ने गहलोत के गृह क्षेत्र जोधपुर में भाजपा की लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा और रैली को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने रैली में गहलोत के कार्यकाल में राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की नियुक्तियों, प्रश्न पत्र लीक प्रकरणों और भ्रष्टाचार को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि जल जीवन मिशन घोटाले में उनकी (गहलोत) सरकार के मंत्री व अधिकारी जेल गए थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि गहलोत ने जनता के हितों के बजाय रिश्तेदारों और परिवार से जुड़े लोगों को लाभ पहुंचाया।
गहलोत ने इन आरोपों पर पलटवार करते हुए ‘एक्स’ पर कहा कि मुख्यमंत्री ने आईएएस शिखर अग्रवाल प्रकरण से ध्यान भटकाने लिए जनता को भ्रमित करने का विफल प्रयास किया है।
भाषा पृथ्वी जितेंद्र
जितेंद्र