गिरीडीह/रांची, तीन नवंबर (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की छात्र इकाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को झारखंड में अलग-अलग मार्च निकाले और कांग्रेस एवं विपक्षी दलों पर लोकतंत्र व मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया। गिरिडीह में भाजपा के सैकड़ों नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता मिटाओ’ मार्च निकाला। यह मार्च झंडा मैदान से शुरू हुआ और करीब 300 मीटर की दूरी तय करने के बाद टावर चौक पर समाप्त हुआ।
मार्च में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी हिस्सा लिया।
साहू ने कहा, “कांग्रेस देश में विदेशी ताकतों को मजबूत करने का काम कर रही है। लोगों ने कांग्रेस का 60 साल से अधिक का शासन और मोदी सरकार के 12 साल का कार्यकाल देखा है। सरकार जरूरतमंद लोगों तक पहुंची है और उन्हें कई कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों का कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनके बयानों पर से भरोसा उठ गया है।
मरांडी ने आरोप लगाया कि 2014 में मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद से ही कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन 2014 में मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद से ही लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। पहले उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में गड़बड़ी का आरोप लगाया और अब विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर सवाल उठा रहे हैं।”
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “मतदाता सूची से किसी भी पात्र मतदाता का नाम नहीं हटाया गया है। बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम हटाए गए हैं। ऐसे में ‘वोट बचाओ’ अभियान के नाम पर वे बांग्लादेशी घुसपैठियों के मतदान के अधिकारों की रक्षा करना चाहते हैं।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के ‘झूठे विमर्श’ का मुकाबला करने के लिए भाजपा ने देशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता मिटाओ’ अभियान शुरू किया है। इस बीच, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की झारखंड इकाई ने भी रांची में मार्च निकाला।
परिषद ने कहा कि राजनीतिक मतभेदों का समाधान सड़क पर विरोध प्रदर्शन करने के बजाय संवैधानिक तरीकों से किया जाना चाहिए।
यह मार्च राज्य की राजधानी रांची में बापू वाटिका से शुरू होकर अल्बर्ट एक्का चौक पर समाप्त हुआ।
भाषा जितेंद्र वैभव
वैभव