Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

सपा ने उप्र विधानसभा चुनाव में राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों को वेबकास्टिंग का लिंक देने की मांग की

लखनऊ, तीन नवंबर (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) ने उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान के दिन सभी मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग का लिंक मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों और चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों को भी उपलब्ध कराया जाए।

सपा मुख्यालय की ओर से मंगलवार को जारी बयान के अनुसार, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर यह मांग की।

बयान में कहा गया कि भारत निर्वाचन आयोग ने आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों के करीब एक लाख 70 हजार मतदान केंद्रों पर मतदान के दिन वेबकास्टिंग कराने और मतदान केंद्रों के अंदर तथा बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया है।

इसमें कहा गया कि मतदान के दिन मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग का लिंक प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारियों को दिया जाता है। अधिकारी इस माध्यम से मतदान केंद्रों पर होने वाली घटनाओं और गड़बड़ियों पर नजर रखते हैं, लेकिन मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों और चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों को यह लिंक उपलब्ध नहीं कराया जाता।

बयान में कहा गया कि इसके कारण राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों को मतदान केंद्रों पर होने वाली घटनाओं और गड़बड़ियों की जानकारी नहीं मिल पाती है। इसे अलोकतांत्रिक, असंवैधानिक, अनैतिक और जनविरोधी बताते हुए सपा ने विधानसभा चुनाव-2027 में मतदान को पारदर्शी, निष्पक्ष, स्वतंत्र और भयमुक्त बनाने के लिए सभी मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग का लिंक राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों को उपलब्ध कराने की मांग की।

सपा ने पूर्व में हुए उपचुनावों में गड़बड़ी और बूथ कैप्चरिंग के आरोप भी लगाए। पार्टी ने कहा कि बड़ी संख्या में शिकायतें किए जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।

बयान के अनुसार, मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपने वाले सपा प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश सचिव केके श्रीवास्तव, राज्य कार्यसमिति के सदस्य डॉ. हरिश्चन्द्र सिंह और राधेश्याम सिंह शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की।

भाषा

आनन्द रवि कांत