नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) दवा कंपनी अल्केम लैबोरेटरीज ने अमृत नाइक को अपना मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त करने की मंगलवार को घोषणा की।
नाइक की नियुक्ति 11 नवंबर से प्रभावी होगी।
अल्केम लैबोरेटरीज ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि कंपनी के निदेशक मंडल ने मंगलवार को हुई बैठक में नामांकन एवं पारिश्रमिक समिति की सिफारिश के बाद इस फैसले को मंजूरी दी।
नाइक की नियुक्ति तब तक जारी रहेगी, जब तक वह कंपनी में कार्यरत रहेंगे।
सूचना के अनुसार, उन्हें ब्रांडेड फॉर्मूलेशन, जेनेरिक दवाओं, सक्रिय दवा सामग्री (एपीआई), जीव विज्ञान, टीकों, विशेष दवाओं और नवाचार आधारित उत्पादों सहित विभिन्न क्षेत्रों में वैश्विक कारोबार खड़ा करने, उसका विस्तार करने और उसमें बदलाव लाने का 26 साल से अधिक का अनुभव है।
कंपनी ने बताया कि नाइक के पास ‘फार्मास्युटिकल साइंस’ में स्नातक और स्नातकोत्तर डिग्री के साथ-साथ ‘फार्माकोलॉजी’ में पीएचडी (टेक) की उपाधि भी है।
भाषा निहारिका अजय
अजय