Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन तेजी, सेंसेक्स 1,225 अंक और चढ़ा

मुंबई, तीन नवंबर (भाषा) घरेलू शेयर बाजार में तेजी का सिलिसिला मंगलवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में भी जारी रहा और बीएसई सेंसेक्स 1,225 अंक चढ़ गया। वहीं एनएसई निफ्टी 23,800 अंक के पार पहुंच गया।

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 1,225.07 अंक यानी 1.62 प्रतिशत चढ़कर 76,917.85 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 370.05 अंक यानी 1.58 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,810.85 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में हिंदुस्तान यूनिलीवर, भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर प्रमुख रूप से लाभ में रहे।

दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में पावर ग्रिड, भारतीय स्टेट बैंक, एनटीपीसी, टाटा स्टील और ट्रेंट शामिल हैं।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.72 प्रतिशत बढ़कर 105.6 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 3,114.68 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

चार कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स 3,671.82 अंक यानी पांच प्रतिशत चढ़ा है, जबकि निफ्टी में 1,112 अंक यानी 4.89 प्रतिशत की तेजी आई है।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट, अमेरिकी सरकारी बॉन्ड पर प्रतिफल में कमी और विदेशी संस्थागत निवेशकों की नए सिरे से लिवाली से भारतीय शेयर बाजार में तेजी बनी रही।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दूसरी तिमाही के मजबूत वित्तीय नतीजों से घरेलू आर्थिक वृद्धि की संभावनाओं को लेकर भरोसा बढ़ा है। वहीं, लंबे समय तक बिकवाली के बाद विदेशी निवेशकों की वापसी से बाजार में नकदी का प्रवाह बढ़ा है। इससे वित्तीय और उपभोग क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों की अगुवाई में मजबूत तेजी आई।’’

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन में शंघाई का एसएसई कम्पोजिट गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त में रहा।

यूरोप के बाजारों में दोपहर के कारोबार में गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार सोमवार को ज्यादातर गिरावट के साथ बंद हुए थे।

सेंसेक्स सोमवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में तेजी के साथ 1,233.25 अंक चढ़कर 75,692.78 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 387.70 अंक की बढ़त के साथ 23,440.80 अंक पर रहा था।

भाषा रमण अजय

अजय