Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

गुजरात: 438 करोड़ रुपये के मेफेड्रोन जब्ती मामले में मादक पदार्थ तस्कर सलीम डोला गिरफ्तार

अहमदाबाद, तीन नवंबर (भाषा) गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने तुर्किये से प्रत्यर्पित कर लाए गए अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्कर सलीम इस्माइल डोला को गिरफ्तार किया। डोला को इस साल की शुरुआत में भारत लाया गया था। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

डोला की गिरफ्तारी 2022 में वडोदरा की एक फैक्टरी से 438.64 करोड़ रुपये मूल्य का मेफेड्रोन जब्त किए जाने के मामले में हुई।

अधिकारियों के अनुसार, डोला मादक पदार्थ बनाने में कथित तौर पर इस्तेमाल होने वाले रसायनों की आपूर्ति करता था और बाद में तैयार मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री भी करता था।

उन्होंने बताया कि डोला के गिरोह के सदस्य मादक पदार्थों को कानूनी रूप से निर्यात किए जाने वाले सामान से भरे कंटेनरों में छिपाकर विदेश भेजते थे और इस कारोबार को अंजाम देने के लिए गंतव्य देशों में फर्जी कंपनियां भी बनाई गई थीं।

इस साल अप्रैल में स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) सलीम डोला को तुर्किये से भारत वापस लाया था। डोला को मार्च 2024 में भारत के अनुरोध पर जारी इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर तुर्किये में गिरफ्तार किया गया था।

दाऊद इब्राहिम का करीबी सहयोगी बताया जाने वाला डोला भारत में मादक पदार्थों की तस्करी का आरोपी है और उस पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी का नेटवर्क संचालित करने का भी आरोप है।

एटीएस के सहायक पुलिस आयुक्त एसएल चौधरी ने बताया कि गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने 31 अक्टूबर को डोला को हिरासत में लिया था।

एटीएस ने एक दिसंबर 2022 को वडोदरा जिले के सिंधरोत गांव के पास मादक पदार्थ बनाने वाली एक इकाई पर छापा मारा था और वहां से 87.728 किलोग्राम मेफेड्रोन (एमडी) जब्त किया था।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 438.64 करोड़ रुपये आंकी गई थी। इस मामले में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अब तक कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

भाषा जितेंद्र पवनेश

पवनेश