प्रतापगढ़, तीन नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ जिले के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने छह दिनों से लापता एक युवक का शव सोमवार देर शाम उसके घर से महज 200 मीटर दूर गड्ढे से बरामद किया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि प्रेम प्रसंग के विवाद में दोस्तों ने ही युवक की गला दबाकर हत्या कर दी थी और शव को दफना दिया था। पुलिस एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
संग्रामगढ़ थाने के प्रभारी निरीक्षक सिद्धार्थ सिंह ने मंगलवार को बताया कि प्रतापपुर गांव निवासी बृजेंद्र सिंह (27) बीते 27 अक्टूबर की रात खेत की रखवाली करने निकला था। जब वह घर वापस नहीं लौटा, तो उसके भाई वीरेंद्र सिंह ने 28 अक्टूबर को उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद 29 अक्टूबर को गांव के पास नहर की पुलिया के निकट से बृजेंद्र का मोबाइल फोन बरामद हुआ।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बृजेंद्र के दोस्त नीरज सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथी साहिल के साथ मिलकर गला दबाकर बृजेंद्र की हत्या करने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घर से 200 मीटर दूर एक गड्ढे में दबाया गया बृजेंद्र का शव बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी ने बताया कि प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के संबंध में मंगलवार को नीरज सिंह और साहिल समेत दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपी से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। वहीं, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
भाषा
सं, जफर रवि कांत